बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ) 29 सितंबर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। सरकारी योजना का लाभ बताने के बहाने गांव पहुंचे सचिव ने घर में नहा रही महिलाओं का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद आरोपों से बचने के लिए आरोपी ने महिला के पति पर ही उल्टा मामला दर्ज करा दिया।
इस पूरे मामले को लेकर पीड़ित महिला का कहना है कि आरोपी सचिव सीताराम कौशिक पहले से ही साजिश के तहत मोबाइल कैमरा चालू कर घर के अंदर घुसा।
उस समय महिला और उसकी ननद नहाने की तैयारी कर रही थीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके साथ गलत इशारे भी किए। विरोध करने पर वह भाग निकला।
महिलाओं ने इसकी शिकायत तखतपुर थाना में की थी। लेकिन अब आरोप है कि सचिव लगातार शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है। शिकायत वापस न लेने पर उसने महिला के पति के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इसी से आहत महिलाएं आज एसपी कार्यालय पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

