बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ) 30 सितंबर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ठगों ने मेडिकल व्यवसायी को लोन दिलाने का झांसा देकर 73 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के नेचर सिटी सकरी निवासी मेडिकल व्यवसायी राजेश पांडेय को 12 फरवरी की दोपहर एक अंजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक निजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी जिग्नेश त्रिवेदी बताया। बातचीत के दौरान उसने व्यापारी को भरोसा दिलाया कि, प्रधानमंत्री समृद्धि योजना के तहत उन्हें 50 लाख का लोन मिल सकता है।
जिग्नेश ने लोन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए व्यापारी से आवश्यक दस्तावेज मांगे। व्यापारी ने दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने बताया कि उन्हें 70 लाख रुपये का लोन स्वीकृत हो सकता है और योजना के तहत 30 प्रतिशत छूट भी मिलेगी।
फिर प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर 14 फरवरी को 19 हजार 900 रुपये और फिर 16 फरवरी को लोन इंश्योरेंस के नाम पर 35 हजार 700 रुपये ऑनलाइन जमा कराने कहा। जिसके बाद व्यापारी ने यह रकम उसको भेज दी। इसके बाद अलग-अलग मदों में रकम की मांग की जाती रही।
व्यापारी ने अलग- अलग किस्तों में कुल मिलाकर लगभग 73 लाख रुपये आरोपी द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। लोन न मिलने पर व्यापारी को धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
जिसके उन्होंने पूरे मामले की शिकायत सकरी थाने में की। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी के बताए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है।

