सुकमा(अमर छत्तीसगढ) 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक बार फिर नक्सलियों ने एक ग्रामीण की निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान सलातोंग निवासी 50 वर्षीय रव्वा सोना के रूप में हुई है।
नक्सलियों ने मौके पर पर्चा फेंककर मृतक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया है। यह घटना कोंटा ब्लॉक के सलातोंग गांव की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अपने परिवार के साथ घर में खाना खा रहे था। तभी नक्सली आये और उन्हें बुलाकर ले गए, जहां कुछ दूर ले जाकर बेरहमी से पिटाई करते हुए उसकी हत्या कर दी।
मृतक का बेटा हुंगा भी नक्सलियों के पीछे- पीछे गया। लेकिन डर से भागकर घर पहुंचा और गांव वालों को सूचना दी। जिसके बाद गांव वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

