राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ) 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से लगे गढ़चिरौली जिले में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
स्थानीय अपराध शाखा ने अहेरी तालुका के मौजा मद्दीगुडम में छापेमारी कर 730 पेटी अवैध देशी शराब और एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक MH 34 CD 8410) जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 73,40,000 रुपये आंकी गई, जिसमें शराब की कीमत 58,40,000 रुपये और वाहन की कीमत 15,00,000 रुपये है।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि मद्दीगुडम में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। इसके आधार पर, स्थानीय अपराध शाखा ने दो पंचों की मौजूदगी में छापा मारा, जहां स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब बरामद हुई।
इस दौरान मिथुन विश्वास मडावी (35 वर्ष, निवासी अलापल्ली, अहेरी) को हिरासत में लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अहेरी थाने में मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच का जिम्मा पुलिस उपनिरीक्षक देवेंद्र पटले को सौंपा गया है।
शराब तस्करी करने वालों को नहीं जाएगा बख्शा- एसपी
पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने कहा कि, महतारी एक्सप्रेस घोटाले के बाद हमने निगरानी को और सख्त किया है। शराब तस्करी करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

