राजनांदगांव में मधुमक्खियां बनी काल : खेत में काम कर रही महिलाओं पर एक बड़े झुंड ने कर दिया हमला, दो की मौत और 6 घायल

राजनांदगांव में मधुमक्खियां बनी काल : खेत में काम कर रही महिलाओं पर एक बड़े झुंड ने कर दिया हमला, दो की मौत और 6 घायल

राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ) 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के बजरंगपुर नवागांव वार्ड में रविवार सुबह खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक हमला कर दिया।

इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार, बजरंगपुर नवागांव वार्ड निवासी सुशीला देवांगन, पार्वती साहू, माया डोंगरे, सुनीता यादव और सुमित्रा साहू रोज की तरह खेत में काम करने गई थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, महिलाएं खेत में टिफिन निकालकर नाश्ता कर रही थीं, इसी दौरान बड़ा झुंड अचानक उनके ऊपर टूट पड़ा। हमला इतना अचानक और तीव्र था कि महिलाएं संभल भी नहीं सकीं। हमले के दौरान खेत के पास मौजूद शिव यदु और उनका बेटा भी मधुमक्खियों की चपेट में आ गए। मधुमक्खियों के डंक से सभी बुरी तरह झुलस गए।

इस घटना के दौरान मौके पर कोई मदद नहीं मिल सकी, जिससे पीड़ित काफी देर तक वहीं तड़पते रहे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। मधुमक्खियों के झुंड के छंटने के बाद उन्होंने घायलों को किसी तरह खेत से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घायलों को जिला अस्पताल व मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने शिव यदु और सुशीला देवांगन को मृत घोषित कर दिया।

इस पूरे मामले को लेकर वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे अत्यंत दुखद और अप्रत्याशित बताया। उन्होंने कहा, “अगर ग्रामीण समय पर बहादुरी न दिखाते तो मृतकों की संख्या और अधिक हो सकती थी। यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए एक चेतावनी है।

Chhattisgarh