रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 9 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खून से लथपथ नर्स की लाश घर के कमरे में मिली है। मृतका की पहचान प्रियंका दास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका दास पिछले एक माह से पचपेड़ी नाका स्थित किराए के रूम में रह रही थी। वह एमएमआई अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर काम कर रही थी। प्रियंका दास मूलतः चिरमिरी जिले की रहने वाली है। हत्या की वारदात देर रात्रि होने की आशंका जताई जा रही है।
आज सुबह जब प्रियंका की रूम मेट उनसे मिलने उसके कमरे पहुंची तो प्रियंका के हत्या की जानकारी सामने आई। मृतका के शरीर में चाकू के तीन वार पाए गए हैं। टिकरापारा पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।

