मनेन्द्रगढ़(अमर छत्तीसगढ) 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव राजेंद्र दास को पत्नी का बर्थडे सड़क पर सेलीब्रेट करना महंगा पड़ गया। इस मामले में चिरमिरी पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। वहीं इस मामले को लेकर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि, कानून सबके लिए बराबर है।
दरसअल, भाजपा नेता राजेंद्र दास की पत्नी ने 9 अक्टूबर की रात सड़क पर लग्जरी कार की बोनट पर केक काटा था और जमकर आतिशबाजी भी की गई थी। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस पर कार्रवाई हुई। कांग्रेस ने भी सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर सवाल किया था।
कांग्रेस ने लिखा था कि, क्या हाईकोर्ट का नियम सिर्फ आम जनता के लिए है, भाजपा नेताओं और उनके सहायकों पर नियम लागू नहीं होता क्या? जिसके बाद यह एक्शन लिया गया है।

