ASI पर रिश्वत मांगने का आरोप : कोर्ट में चालान पेश करने के लिए मांगे 30 हजार रुपये, महिला ने एसपी से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग

ASI पर रिश्वत मांगने का आरोप : कोर्ट में चालान पेश करने के लिए मांगे 30 हजार रुपये, महिला ने एसपी से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक महिला ने थाना में पदस्थ एएसआई (ASI) और एक पुलिसकर्मी पर चालान कोर्ट में पेश करने के नाम पर 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। महिला ने इसकी लिखित शिकायत एसपी से की है और न्याय की मांग की है। यह मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है।

पीड़ित महिला ने बताया कि, 14 सितंबर को राजनांदगांव के मोहारा बायपास स्थित एक सीमेंट दुकान के पास दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच कुछ लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झगड़ा कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया, जिसमें उसका पति भी शामिल था। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जबरदस्ती उसके पति पर लूट का केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।

महिला ने बताया कि घटना के एक महीने बीत जाने के बाद जब वह बसंतपुर थाना पहुंची, तो वहां पदस्थ एएसआई गोवर्धन देशमुख और एक पुलिसकर्मी लक्ष्मण टंडन ने उसके पति के केस का चालान कोर्ट में पेश करने के नाम पर 30,000 रुपये की मांग की। महिला ने बताया कि एएसआई मामले में प्रार्थी पक्ष के साथ मिलीभगत कर रहे हैं और पैसे की मांग पूरी न होने तक चालान कोर्ट में प्रस्तुत नहीं किया जा रहा है। वहीं महिला ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा से मिलकर एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले की लिखित शिकायत कर जांच की मांग की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh