थाने में हुई सरेंडर नक्सलियों की शादी : सागर और सचिला ने हथियार छोड़कर थामा एक-दूसरे का हाथ, जवानों की मौजूदगी में हुआ ब्याह

थाने में हुई सरेंडर नक्सलियों की शादी : सागर और सचिला ने हथियार छोड़कर थामा एक-दूसरे का हाथ, जवानों की मौजूदगी में हुआ ब्याह

पखांजुर(अमर छत्तीसगढ) 13 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजुर थाना परिसर में दो आत्मसमर्पित नक्सली शादी के बंधन में बंधे। आत्मसमर्पित नक्सली सागर हिरदो और सचिला मांडवी ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नई जिंदगी की शुरुआत की। फूलों से सजे मंडप में मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का वादा किया।

मिली जानकारी के अनुसार, सागर हिरदो वर्ष 2014 में नक्सल संगठन से जुड़ा था और दिसंबर 2024 में पखांजुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। वहीं, सचिला मांडवी ने वर्ष 2020 में नक्सल संगठन का दामन छोड़ा और उसी वर्ष पुलिस के समक्ष सरेंडर किया। आत्मसमर्पण के बाद दोनों पुनर्वास योजना के तहत समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई और यह रिश्ता विवाह के रूप में परिणित हुआ।

इस सकारात्मक पहल में पखांजुर थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट और गोण्डाहुर थाना प्रभारी रामचंद्र साहू की अहम भूमिका रही, जिन्होंने समाज में लौटे इन युवाओं को नई शुरुआत के लिए प्रेरित किया।

Chhattisgarh