सेंट्रल जेल में कैदी बना रहे वीडियो : वायरल होने के बाद हुआ एक्शन, सहायक जेल अधीक्षक को किया निलंबित

सेंट्रल जेल में कैदी बना रहे वीडियो : वायरल होने के बाद हुआ एक्शन, सहायक जेल अधीक्षक को किया निलंबित

रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 18 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। सहायक जेल अधीक्षक संदीप कुमार कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई जेल से कैदियों का वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद की गई, जिसमें में कैदी जिम करते और सेल्फी लेते हुए दिखाई दिए थे।

आपको बता दें कि दो दिन पहले जेल के अंदर से बंद कैदियों का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

वायरल वीडियो में एनडीपीएस एक्ट के आरोपी मोहम्मद रशीद अली उर्फ राजा बैझड़ जेल की बैरक के भीतर जिम करते हुए और अपने साथियों के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहा है।

यह वीडियो 13 से 15 अक्टूबर 2025 के बीच का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि जेल के भीतर मोबाइल फोन और इंटरनेट का खुला उपयोग हो रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी रशीद अली पिछले तीन महीने से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। उसे 11 जुलाई 2025 को थाना टिकरापारा पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफ्तार किया था।

रशीद अली का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है।उसके खिलाफ 2014 से अब तक हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी और नशा तस्करी जैसे 10 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

बताया जा रहा है कि रशीद अली ने पहले जेल के अंदर से अपने किसी रिश्तेदार को वीडियो कॉल किया और फिर खुद का जिम करते वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कराया। वीडियो में वह यह दिखाने की कोशिश करता दिखा कि जेल की दीवारों के भीतर भी उसका दबदबा कायम है।

Chhattisgarh