बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ) 1 नवम्बर । मस्तूरी गोलीकांड मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने षड्यंत्र में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कांग्रेसी नेता अकबर खान और देवेश सुमन उर्फ निक्कू की गिरफ्तारी हुई है। साथ ही माना जा रहा है इस पूरे गोलीकांड में कुछ और बड़े नाम सामने आ सकते है।
आपको बता दें कि, 28 अक्तूबर को मस्तूरी थाना क्षेत्र में तिवारी होटल के बाहर कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह, चंद्रभान सिंह और राजू सिंह बैठे हुए थें। शाम 6 बजे दो बाइक में चार नकाबपोश हमलावर आए और कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर अंधाधुंध 12 से 14 राउंड फायरिंग कर दिया।
हमलावरों के फायरिंग पर कांग्रेस नेता नीतेश सिंह ने भी काउंटर फायरिंग शुरू कर दिया। काउंटर फायरिंग शुरू होने पर चारों हमलावर मौके से फरार हो गए।
इस गोलीकांड में चंद्रभान सिंह और राजू सिंह के हाथ और पैरों पर गोली लगीं। दोनों घायलों को अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने चारों तरफ नाकेबंदी कर दी। महज कुछ ही घंटों में पुलिस ने मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत समेत 6 और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने खुलासा करते हुए पूरे गोलीकांड को राजनीति और वर्चस्व की लड़ाई बताया। खुलासा में पता चला कि विश्वजीत अनंत भी कांग्रेसी नेता हैं जिसे कांग्रेस ने पूर्व में निष्कासित कर दिया था।
इस बीच पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। जिसमें एक घटना स्थल का सीसीटीवी फुटेज था जिसमें फायरिंग करते हमलावर दिख रहे है।
वहीं अन्य फुटेज में कांग्रेस के नेता अकबर खान कई बार देवेश सुमन के ढाबे में दिखाई दे रहा है। कड़ी से कड़ी जोड़ और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता अकबर खान और देवेश सुमन को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक अभी कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

