बलौदाबाज़ार(अमर छत्तीसगढ) 1 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के थाना पलारी पुलिस ने ग्राम बटगन में फल विक्रेता अमित गिरी की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी चंपा गिरी और उसके प्रेमी दुन्ना कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है। यह हत्या प्रेम संबंध और अवैध रिश्ते को छिपाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक परिवार, ग्रामीणों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में मृतक की पत्नी चंपा गिरी ने पहले गोलमोल जवाब दिए, लेकिन जब पुलिस ने साक्ष्यों के साथ दबाव बनाया, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका प्रेमी दुन्ना कुमार शर्मा से लंबे समय से संबंध था।
पति अमृत गिरी को इस बात की जानकारी हो गई थी, जिससे दोनों के बीच आए दिन झगड़े होने लगे थे। अमृत गिरी के शराब पीकर विवाद करने और पत्नी पर शक करने से परेशान होकर चंपा गिरी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दोनों ने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) के ज़रिए संपर्क कर हत्या की योजना बनाई। 24 अक्टूबर को जब मृतक घर में अकेला था, तब आरोपी दुन्ना कुमार शर्मा वहां पहुंचा और लोहे की कुंदली से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दुन्ना कुमार को बिहार से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह प्रेमिका के साथ मिलकर हत्या में शामिल था। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में बनी टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है।
- दुन्ना कुमार शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम बकटपुर, थाना मनानुपुर कोठी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार)।
- चंद्रिका गिरी, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम बटगन, वार्ड क्रमांक 16, थाना पलारी।

