कोरिया(अमर छत्तीसगढ) 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद में रात करीब 10 बजे झरनापारा के पंडोपारा से लौट रहीं महिलाएं उस वक्त हादसे का शिकार हो गईं, जब उनका ऑटो अनियंत्रित होकर छिंदिया के आश्रित ग्राम नकटापारा की नदी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि ऑटो काफी ऊंचाई से नीचे गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में देवरानी-जेठानी फूलकुवार और वीरकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर लाया गया, जहां इलाज के दौरान वीरकुमारी की बुधवार सुबह मौत हो गई। हादसे में कुल 14 महिलाएं घायल हुई हैं। जिनमें पूर्व सरपंच हीरा कुमारी सहित कई ग्रामीण महिलाएं शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।

झरनापारा के सरपंच प्रीत कुमार पैकरा ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट पटना थाना में दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की स्थिति खराब है और नदी पार सुरक्षा इंतज़ामों की कमी के कारण यह दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।

