डोंगरगढ़ में डायरिया का प्रकोप : दो लोगों की हुई मौत, 50 से अधिक लोग उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित

डोंगरगढ़ में डायरिया का प्रकोप : दो लोगों की हुई मौत, 50 से अधिक लोग उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित

डोंगरगढ़ (अमर छत्तीसगढ) 5 नवंबर। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मृत्यु भोज के बाद तीन गांवों- लिमाउटोला, सांकरा और गाड़ाघाट में बड़ी संख्या में ग्रामीण बीमार पड़ गए। अब तक दो ग्रामीणों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 50 से अधिक लोग उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित हैं।

बीमारों को तुरंत पाड़ादाह स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, गंभीर मरीजों को खैरागढ़ सिविल अस्पताल और राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर इलाज कर रही है और प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर दवाइयां और स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जा रही है।

सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल प्रभावित गांव पहुंचीं। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और बीमारी की जानकारी ली। विधायक ने कहा- ‘गांव में जिस स्थान पर बोर खनन हुआ है, उसी के पास शासकीय शौचालय बना हुआ है।

शौचालय के सोकते का पानी बोरिंग के पानी में मिल रहा है। जांच में यही दूषित पानी बीमारी का मुख्य कारण पाया गया है। यह प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय तो बनवा दिए गए हैं, लेकिन उनके रखरखाव की भारी अनदेखी की जा रही है और यही लापरवाही अब जानलेवा रूप ले चुकी है।

वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार प्रभावित गांवों की निगरानी कर रही है। क्षेत्र में बीमारी पर नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। हालांकि यह घटना ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता व्यवस्था की वास्तविक स्थिति और प्रशासनिक लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

Chhattisgarh