बलरामपुर(अमर छत्तीसगढ) 9 नवंबर। जिले में पुलिस हिरासत में चोरी एक आरोपी की संदिग्ध मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, पुलिस ने आरोपी से करीब 50 लाख रुपये के चोरी के जेवरात बरामद किए थे। इसी दौरान उसे सीतापुर से बलरामपुर लाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस ने आनन-फानन में आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उमेश सिंह, निवासी ग्राम नकना (थाना सीतापुर, जिला सरगुजा) के रूप में हुई है। एक सप्ताह पहले ज्वेलरी शॉप में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
उन्हीं में से एक आरोपी उमेश सिंह को पुलिस जेवर बरामदगी के लिए लेकर गई थी। शनिवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस टीम जब उमेश सिंह को लेकर बलरामपुर लौटी, तभी उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई। जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि, आरोपी सिकल सेल बिमारी से पीड़ित था, जिसकी जानकारी परिजनों को दे दी गई है। इस बीच, अप्रिय स्थिति न बने इसलिए जिला अस्पताल के बाहर पुलिस जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के मोरचरी में रखा गया है और मामले की जांच जारी है।

