दुर्ग(अमर छत्तीसगढ) 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जल घर के पानी की टंकी के अंदर एक शव तैरता हुआ मिला। इस घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। शव करीब तीन दिन पुराना है। बताया जा रहा है कि शव कई दिनों से टंकी में फंसा हुआ था और पानी का स्तर बढ़ने पर ऊपर आ गया, जिसके बाद यह मामला सामने आया। इस जल घर से नगर निगम द्वारा शहर के हजारों घरों में प्रतिदिन पानी की आपूर्ति की जाती है। इस घटना ने जल आपूर्ति व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके का मुआयना किया है। शव जल घर की मशीन के पास फंसा हुआ था। उन्होंने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

