कोरबा(अमर छत्तीसगढ) 22 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के तराईदांड डकैती कांड में पुलिस ने 19 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आज फिर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में अब तक कुल 22 डकैतों को पकड़ा गया है और अन्य आरोपियों की तलाश अब भी जारी है। इस मामले में रोचक बात यह रही कि डकैतों वारदात को अंजाम देते समय मकान मालिक से कहा कि, सौम्या चौरसिया का पैसा कहां रखा है, बता दो, नहीं तो मारे जाओगे!
आपको बता दें कि 6 तारीख को मकान मालिक शत्रुघ्न दास के घर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। मकान मालिक ने डकैती कर डेढ़ लाख नगदी और जेवरात ले जाने की शिकायत की थी।
घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने पहले 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से चार पहिया वाहन के अलावा हथियार भी जब्त किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस पर रिश्वतखोरी कर जबरन गिरफ्तारी का आरोप भी लगाया था।

