ब्यावर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ़) 25 नवंबर।
(प्रकाश जैन, वरिष्ठ पत्रकार)
देश विदेश के प्रमुख जैन तीर्थों में से एक श्री नाकोड़ा महातीर्थ में जैन धर्म के 23 वें तीर्थंकर श्री भगवान पार्श्वनाथ स्वामी का जन्मोत्सव आगामी 14 दिसंबर को बालोतरा जिले के पहाड़ियों के बीच बसे छोटे से गांव मेवानगर स्थित नाकोड़ा महातीर्थ में पूरे श्रद्धा आस्था एवम हर्षोल्लास के साथ भक्ति भावपूर्वक मनाया जाएगा। इस भव्य एवम यशस्वी मेले के ब्यावर सहित देश भर के हजारों श्रद्धालु भक्त साक्षी बनते हुए से अपनी श्रद्धा एवं आस्था भरी हाजिरी श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव दादा के समक्ष देंगे।
देश विदेश में सुप्रसिद्ध इस त्रिदिवसीय मेले के प्रमुख लाभार्थी देश के प्रमुख भामाशाह, नाकोड़ा तीर्थ के अध्यक्ष,देश के ख्यातनाम समाजसेवी रमेश मुथा चेन्नई होंगे।

मेले में विशेष जत्था चेन्नई से ट्रस्ट सीएम रमेश मुथा के नेतृत्व में नाकोड़ा आयेगा
नाकोड़ा तीर्थ के सेवा समर्पित सीईओ सुरेंद्रराज सिंघवी ने अमर छत्तीसगढ़ के राजस्थान प्रमुख प्रकाश जैन ने विशेष भेंट में बताया कि जैन धर्म के 23 वें तीर्थंकर पुरुषादानी प्रभु श्री पार्श्वनाथ भगवान का जन्मोत्सव तप त्याग, धर्म ध्यान, साधना आराधना,जप जाप के विविध आयोजनों के साथ पूरी श्रद्धा, भक्ति भावों से एक महाउत्सव के साथ मनाया जाएगा।
मेले को लेकर ब्यावर बालोतरा, बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर सहित पूरे देश भर में रह रहे भक्त श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह एवम उमंग बना हुआ है। नाकोड़ा मेले में शिरकत करने हेतु श्रद्धालु श्रावक श्राविकाओं का एक विशेष जत्था नाकोड़ा महातीर्थ के यशस्वी अध्यक्ष,भामाशाह रमेश भाई मुथा, चेन्नई के नेतृत्व में नाकोड़ा पहुंचेगा।

नाकोड़ा महातीर्थ जन्नत हैं,भगवान की महर के साथ अमृत बरसता हैं ब्यावर, अजमेर, बिजयनगर, उदयपुर, पाली, भीलवाड़ा, जयपुर, भीम, बदनोर, राजसमंद, जोधपुर के भैरव भक्तों का नाकोड़ा मेले को लेकर जबरदस्त क्रेज है।
विगत 03 दशक से ज्यादा मेले में जाने वाले श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव देव के अनन्य भक्त कोकिल कंठी गायक अशोक कोठारी शैलेश कोठारी नीरू जैन, अंजली, शेली, सुमित जैन, आशीष हर्षित एवम नाकोड़ा तीर्थ से जुड़े समाज सेवी प्रकाश जैन, उभरते गायक मोनू भाई हिंगड़, ऋषभ पीपाड़ा ने बताया कि मेले के मुख्य दिन पौष बदी दशमी को सभी भक्त श्री पार्श्वनाथ भगवान एवम महान चमत्कारी श्री नाकोड़ा भैरव दादा की भक्ति में अलभोर से आनंद के हिलोरे के साथ पूरी भक्त तन्मयता से गहरी डुबकियां लगाते हैं।
श्री पार्श्वनाथ के जन्म पर इस अदभूत महातीर्थ में पूरे दिन रात श्री पार्श्व भैरव दादा की असीम महर के साथ दिव्य अमृत बरसता है। नाकोड़ा तीर्थ जन्नत है।इस दिन वाकई लगता हैं हम जन्नत में पहुंच गए। श्री पार्श्व भैरव दादा के दिव्य दर्शन एवम भक्ति से अपार सुख शांति की दिव्य अनुभूति होती है।

ब्यावर से सैकडों भक्त श्रद्धालु तीनो दिन मेले में भक्ति के गहरे गोते लगाते हुए आनंद लेते हैं।

तीर्थ चेयरमैन मुथा बोले दादा की विशेष महर से मिला मेले का लाभ
श्री नाकोडा महातीर्थ के चेयरमैन मेला लाभार्थी समाजसेवी रमेश जी मुथा ने बताया कि देश के महान तीर्थ में से एक नाकोड़ा महा तीर्थ श्री पार्श्व भैरवदेव के महान चमत्कारी अधिष्ठायक देव श्री नाकोडा भैरव दादा की विशेष महर एवं कृपा से मुथा परिवार को सहज में इस
त्रिदिवसीय मेले का लाभ लेने का अवसर परिवार को मिला है।संपूर्ण मुथा परिवार इस मौके को पूरे समर्पण भाव से भुनाने में सक्रिय रूप से ट्रस्ट मंडल के सेवा समर्पित ट्रस्टियों एवं तीर्थ प्रबंधन के साथ जुटा हुआ है।श्री नाकोड़ा मेला का देश-विदेश के भक्त श्रद्धालु गण बेसब्री से इंतजार रहता है। देश के विभिन्न भागों से हजारों श्रद्धालु मेले के साक्षी होते हैं मुथा परिवार सहित नाकोड़ा ट्रस्ट मंडल एवं नाकोड़ा तीर्थ प्रबंधन इस मेले को यशस्वी एवं ऐतिहासिक बनाने में पूरी शक्ति के साथ लगे हुए हैं।उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर से 15 दिवस दिसंबर तक आयोजित इस मेले को एक विशेष जलसे एवं जश्न के साथ पूरे भक्ति भाव एवं धर्म ध्यान से साधु संतों के पावन निश्रा में मनाया जाएगा।

मेले की सुव्यवस्था में जुटा तीर्थ प्रबंधन,सतरंगी रोशनी से खिला होगा महातीर्थ
नाकोड़ा महातीर्थ के कोषाध्यक्ष जीतू भाई चौपड़ा ने अमर छत्तीसगढ़ के राजस्थान प्रमुख प्रकाश जैन से विशेष वार्ता में बताया कि नाकोड़ा मेले को कामयाब,यशस्वी बनाने हेतु विभिन्न समितियां का गठन कर उन्हें कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। ट्रस्ट अध्यक्ष एवं मुथा परिवार के प्रमुख सहित ट्रस्ट मंडल मेले से 02 दिन पूर्व सारी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से हों इस हेतु पूरे समर्पण भावों से सक्रिय रूप से जुट जाएंगे।
कोषाध्यक्ष श्री चौपड़ा ने बताया की तेला(अठम) तप करने वाले तपस्वियों के आवास प्रवास की विशेष व्यवस्था तीर्थ प्रबंधन द्वारा की जाएंगी।तपस्वी आत्माओं का ट्रस्ट मंडल के तत्वाधान में साधु संतो के पावन सानिध्य में बहुमान भी किया जायेगा।
देश के विभिन्न कोनो से आने वाले श्रद्धालु भक्तों के आवास प्रवास की भी ट्रस्ट प्रबंधन द्वारा तीर्थ के सुसज्जित भवनों सहित आस पास के रिसोर्टो में बाजिव दर पर सुव्यवस्था रहेगी।
मेले के मुख्य दिन नवकारसी भोजन प्रसादी का लाभ मेले के प्रमुख लाभार्थी रमेश मुथा परिवार की ओर से रहेगा। साथ ही तीनों दिन देश के ख्याति प्राप्त भजन सम्राट एवम नामी गायक अपनी प्रस्तुतियों से भजन संध्या के तहत श्री भैरव दादा को रिझाते हुए भक्त श्रद्धालुओ को भक्ति में गहरे गोते लगवाएंगे।

इस अवसर पर पूरा महातीर्थ की विशेष साज सज्जा के साथ बेहद खूबसूरत रोशनी होगी।संपूर्ण महातीर्थ सतरंगी रोशनी में खिला खिला लगेगा।
मेले की पत्रिका श्री पार्श्व भैरव दादा के श्री चरणों में अर्पित
मेले की आमंत्रण पत्रिका से पहला न्यौता महातीर्थ के मुख्य मंदिर में विराजमान जैन धर्म के 23 वे तीर्थंकर श्री पार्श्वनाथ भगवान के रूप में मूल नायक श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ, श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ,श्री जगवल्लभ पार्श्वनाथ एवम अधिष्ठायक देव श्री नाकोड़ा भैरव देव श्री काला गौरा भैरव दादा,श्री पार्श्व पद्मावती देवी सहित तीर्थ में स्थापित सभी भगवान एवम देवियों के श्री चरणों में तीर्थ चेयरमैन रमेश मुथा के नेतृत्व में ट्रस्ट मंडल के ट्रस्टियों ने पत्रिका अर्पित कर,मेले के सफल एवम कामयाब आयोजन की पूरी भक्ति एवं श्रद्धा आस्था से अरदास की।
इस मौके पर श्री मुथा तीर्थ कोषाध्यक्ष जीतूभाई चौपड़ा, सहित ट्रस्टी पूर्व मेला संयोजक भरत मेहता, भोजन व्यवस्था समिति संयोजक गणपत बुरड़, हुल्लास बाफना, वी जी पारख सहित तीर्थ का वरिष्ठ प्रबंधन उपस्थित था। सभी ने भक्त श्रद्धालुओं के साथ श्री पार्श्व भैरव दादा की जय जय कारों से समूचे तीर्थ से गुंजायमान कर दिया।
आशीष जैन
फोटो जर्नलिस्ट
ब्यावर

