मातम में बदली शादी : बदमाशों ने पहले दूल्हे के दोस्त को पीटा, फिर चाकू मारकर कर दी चाचा की हत्या

मातम में बदली शादी : बदमाशों ने पहले दूल्हे के दोस्त को पीटा, फिर चाकू मारकर कर दी चाचा की हत्या

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ) 30 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी समारोह में नाचने पर हुए विवाद में मर्डर हुआ है। शादी कार्यक्रम चुलमाटी के दौरान दूल्हे के घर वाले और उसके सभी दोस्त नाच रहे थे। नाचते समय 2 युवकों का हाथ आपस में टकराया, जिसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। तभी बीच बचाव करने आए एक युवक को गुस्साए लड़कों ने चाकू से 3 बार ताबड़तोड़ वार किए जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक दूल्हे के दोस्त के चाचा थे। आरोपियों ने भतीजे को भी खूब मारा था। इसी से हाथ टकराया था। शिकायत के बाद 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, इनमें 4 नाबालिग है। घटना बिल्हा क्षेत्र के ग्राम बरतोरी की है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खपरी का रहने वाला कुश यादव अपने दोस्त बादल निषाद की शादी में शामिल होने बरतोरी गया था। चुलमाटी के दौरान 28 नवंबर की शाम सभी लोग डीजे के साथ नाचते हुए निकले, इसी दौरान कुश का हाथV संदीप निषाद से टकरा गया, तो संदीप भड़क गया और कुश को गालियां देते हुए थप्पड़ जड़ दिया।

इसके बाद संदीप के अन्य दोस्त भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर कुश को घेर लिया। इस बीच संदीप ने कुश का गला पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। 6 लोग मिलकर कुश को जमकर मारने लगे, बीच-बचाव के लिए उसके चाचा बड़कू उर्फ रामभजन यादव पहुंचे।

आरोप है कि सभी ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। इसी दौरान बरतोरी के एक युवक ने अपने पास रखा चाकू निकाला और बड़कू के सीने में लगातार तीन वार कर दिए। चाकू लगने से उनके बाएं सीने, माथे और आंख के नीचे गंभीर चोटें आईं। वे मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़े और आरोपी भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलते ही भीम पटेल, विजय निषाद और बड़कू के पिता रामभरोस वहां पहुंचे। उन्होंने घायल बड़कू को तत्काल बिल्हा अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी पाकर बिल्हा पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की, शनिवार देर रात तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें 2 बालिग और 4 नाबालिग शामिल हैं।

Chhattisgarh