जेम पोर्टल खरीदी में भ्रष्टाचार पर एक्शन : राजीव लोचन महाविद्यालय के प्राचार्य सहित 3 प्रोफेसर निलंबित

जेम पोर्टल खरीदी में भ्रष्टाचार पर एक्शन : राजीव लोचन महाविद्यालय के प्राचार्य सहित 3 प्रोफेसर निलंबित

राजिम(अमर छत्तीसगढ) 3 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजीव लोचन महाविद्यालय के प्राचार्य सहित 3 प्रोफेसर को निलंबित कर दिया गया है। प्राचार्य सहित तीनों प्रोफेसर पर उच्च शिक्षा विभाग ने जेम पोर्टल से खरीदी में भ्रष्टचार उजागर होने पर कार्रवाई की है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग मंत्रालय रायपुर से आदेश जारी किए गए हैं।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम की प्राचार्य डॉ. सविता मिश्रा, सहायक प्राध्यापक डॉ. मोहन लाल वर्मा, सहायक प्राध्यापक देवेन्द्र देवांगन, सहायक प्राध्यापक मनीषा भोई ने जेम पोर्टल के माध्यम से की गई क्रय की गई सामग्री में आर्थिक अनियमितता में प्रथम दृष्टया संलिप्तता पाई गई है। जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय की गई सामग्री में इनके द्वारा छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियमों का पालन नहीं किया गया है।

राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम की प्राचार्य और सहायक प्राध्यापकों को सिविल सेवा नियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय क्षेत्रीय अपर संचालक कार्यालय रायपुर रहेगा।

बताया गया है कि, 2 करोड़ से ज्यादा की गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए गठित कमेटी के संयोजक अपर संचालक-उच्च शिक्षा संचालनालय डॉ. किशोर कुमार तिवारी को नियुक्त किया गया है।

आरोप है कि कॉलेजों के जिम्मेदारों ने बिना निविदा अपने चहेतों को लाखों का कार्य बांट दिए। 10 नग कम्प्यूटर खरीदी में गड़बड़ी पाई गई है।

जांच में बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में एक करोड़ के टेंडर कार्य में गड़बड़ी के आरोप है। तो वहीं शासकीय कॉलेज महासमुंद द्वारा 1 करोड़ के 36 अलग-अलग कार्य आदेश देने का मामला है। इसके अलावा वीरांगना रमोतीन गवर्मेंट मॉडल कॉलेज, नारायणपुर भी एक ही फर्म 35 लाख का कार्य दिया गया।

Chhattisgarh