रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 22 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने आरंग क्षेत्र के समोदा, कागदेही और हरदीडीह रेत खदानों में औचक निरीक्षण किया। जहां अवैध खनन की गतिविधियां पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान समोदा और कागदेही रेत खदान से एक मोटर बोट सक्शन मशीन (पनडुब्बी) और एक चेन माउंट मशीन जब्त कर खनन कार्य बंद कराया गया। कागदेही रेत खदान को सील कर दिया गया है। वहीं हरदीडीह क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त दो हाइवा वाहनों को जब्त कर आरंग थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

वहीं मामले में खनन से जुड़े लोगों और खदान संचालक को नोटिस जारी कर खान एवं खनिज तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

