दुर्ग(अमर छत्तीसगढ) 29 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा का आज समापन था। कार्यक्रम के समापन के बाद पंडित धीरेंद्र शास़्त्री काफिले में सवार होकर कार्यक्रम स्थल से रवाना हो रहे थे। काफिले की एक गाडी में बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय भी सवार थी। इसी दौरान उनके काफिले के सामने एक भक्त आ गया। ड्राइवर ने भक्त को बचाने के लिए गाड़ी का ब्रेक मारा, जिसके बाद पीछे चल रही गाड़िया आपस में टकरा गई।
घटना में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की डिफेंडर गाड़ी के अगले हिस्से को हल्का नुकसान हुआ। साथ ही काफिले की दो गाड़ियों को भी हल्की क्षति पहुंची। वहीं, काफिले की गाड़ियों में बैठे पंडित धीरेंद्र शास्ती और बीजेपी नेत्री सरोज पांडेय सुरक्षित हैं।

भिलाई के जयंती स्टेडियम में चल रही हनुमंत कथा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला श्रद्धालु पंडित धीरेंद्र शास्त्री से मिलने की जिद्द करने लगी। महिला श्रद्धालु को जब मिलने नहीं दिया गया तो उसने अपनी नस काट ली। महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका उपचार जारी है। वहीं, इस घटना के बाद कथा स्थल से ही पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपने श्रद्धालुओं से ऐसा नहीं करने की अपील की थी।

