जशपुर(अमर छत्तीसगढ) 4 जनवरी। छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस की मुस्तैदी ने बड़ी चोरी की वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर दिया। कुनकुरी के नेशनल हाइवे-43 पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को निशाना बनाने पहुंचे नकाबपोश बदमाशों की पूरी प्लानिंग उस वक्त धरी रह गई, जब गश्त पर निकली पुलिस टीम अचानक मौके पर पहुंच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कुनकुरी के नेशनल हाइवे-43 स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को पीकअप की मदद से उखाड़ दिया। उन्होंने सीसीटीवी कैसरे से बचने लिए उसपर ब्लैक स्प्रे कर दिया। इस बीच गश्त पर निकली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस को देख नकाबपोश चोरों में हड़कंप मच गया और वह भागने लगे। हालांकि उनके हौसंले बुलंद थे कि पुलिस टीम की टीम पर पथराव कर दिया। राहत की बात रही कि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई।
पुलिस की तत्परता से बदमाश एटीएम से कोई भी रकम ले जाने में सफल नहीं हो सके। वह पिकअप वाहन को आधे रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ा दी गई है।


