फूड सेफ्टी विभाग को जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों में मिठाई, दूध, पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए लगातार निरीक्षण करने के दिए निर्देश
जिले के वरिष्ठजनों को नि:शुल्क जीवन सहायक उपकरण प्रदाय करने हेतु 12 जनवरी से 15 जनवरी तक मूल्यांकन शिविर का आयोजन
आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी उपस्थिति देना करें सुनिश्चित
राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 06 जनवरी 2026। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि कृषकों की सुविधा के लिए एकीकृत किसान पोर्टल 7 जनवरी तक खुला रहेगा। किसानों के पंजीयन उपरांत विभिन्न किसानों द्वारा संशोधन के लिए आवेदन किया जा रहा है।
उन्होंने किसानों की पंजीयन एवं संशोधन संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों के धान की खरीदी प्राथमिकता से करें।
उन्होंने धान खरीदी अंतर्गत सभी नोडल अधिकारियों को धान उपार्जन केन्द्रों में भौतिक सत्यापन, पंचनामा एवं अन्य व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग के कार्य में अनिवार्य रूप से गति लाने केलिए कहा। उनकी सोनोग्राफी, स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाईयों पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिलाओं के ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए शिविर लगाकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने फूड सेफ्टी विभाग को जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों में मिठाई, दूध, पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जनमानस को अधिक से अधिक लाभन्वित करने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सूर्यसभा का आयोजन किया जा रहा है, इसे जारी रखें तथा योजना के संबंध में जनमानस को अधिक से अधिक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने ई-ऑफिस के माध्यम से किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी एसडीएम वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

