ब्यावर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ) 12 जनवरी।
(प्रकाश जैन)
प्रदेश शिक्षा जगत की ख्यातनाम शिक्षण संस्था श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पी.जी. महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद जयंती एवम राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर जिला पुलिस ब्यावर द्वारा साइबर सुरक्षा,नशा मुक्ति व सड़क सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस जलसे के मुख्य अतिथि जिला पुलिस मुखिया श्री रतनसिंह जी थे।

समारोह की अध्यक्षता एएसपी श्री भूपेंद्र शर्मा ने की।
समारोह के अतिथियों का किया अभिनंदन,सम्मान पाकर अतिथि हुए अभिभूत…
समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा एवं सिटी सीओ राजेश कसाना का स्वागत अभिनंदन महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर.सी.
लोढ़ा ने माला पहनाकर स्वागत करते हुए मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत सम्मान पाकर जिला पुलिस के आला अधिकारी खूब अभिभूत एवम प्रफुल्लित दिखाई दिए।

एसपी बोले वर्द्धमान की अनुपम पहल,आमजन को सुरक्षित एवम जागरूक नागरिक बनाएगी…
इस मौके पर जिले के तेज तर्रार पुलिस सिरमौर रतन सिंह जी राठौड़ ने अपने प्रभावी उद्बोधन में कहा कि वर्धमान की यह अनुपम पहल युवाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित, जागरूक एवं सक्षम नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सराहनीय एवं अनुकरणीय प्रयास है।

पुलिस मुखिया ने संस्था की इस अनुपम पहली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को राजकॉप सिटीजन एप्प व अनेक महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर सिटी सीओ राजेश कसाना ने पुलिस कार्यप्रणाली से छात्राओं को अवगत करवाते हुए कहा कि नशा करने से व्यक्ति कई गंभीर बीमारियों एवं रोगों का शिकार हो जाता है। नशा परिवार एवं समाज को तोड़ने का काम करता है।
दुर्लभ एवम अनमोल जीवन को सफल व सार्थक बनाने हेतु इंसान को नशे से सदैव दूर रहना चाहिए। इस प्रवृत्ति पर इंसान गहन मंथन कर समाज के हर वर्ग को नशा मुक्ति के लिए अलख जगाने की सख्त जरूरत है।जिससे नशीले पदार्थ के सेवन पर अंकुश लग पाए।
साइबर थाना प्रभारी भवानी सिंह ने छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, स्टॉकिंग,साइबर बुलिंग जैसी बढ़ती चुनौतियों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
अतिरिक्त महिला पुलिस थाना अधिकारी विद्या मीणा ने महिलाओं से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, सुरक्षा उपायों एवम अपने अधिकारों के संरक्षण के विषय में भी गहनता से अवगत कराया। यातायात पुलिस से जुड़े सेवा समर्पित मंगलसिंह ने यातायात नियमों की व्यापक जानकारी दी।
शिक्षाविद डॉ लोढ़ा ने स्वदेशी संकल्प दौड़ को दिखाई हरी झंडी …
रेड रिबन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के अंतर्गत स्वदेशी संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया। इस मौके पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर.सी. लोढा ने हरी झंडी दिखाकर “स्वदेशी संकल्प दौड़” को रवाना किया। श्री लोढ़ा ने छात्राओं को स्वदेशी अपनाने एवं स्वदेशी जागरण का संकल्प भी दिलाया।

इस मौके पर उप रजिस्ट्रार सहकारी संस्था,ब्यावर के हीरा लाल ने छात्राओं को राजस्थान सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान द्वारा जारी पुस्तक का वितरण किया गया । समारोह में सभी संकाय के सदस्य, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रही।
प्रकाश जैन,अमित मेहता
वरिष्ठ पत्रकार
आशीष जैन,पंकज कवाड़
जयपुर,ब्यावर,किशनगढ़, पाली

