मोहला(अमर छत्तीसगढ) 20 जनवरी 2026।कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अवैध धान परिवहन, भंडारण और अनियमित बिक्री के विरुद्ध खाद्य विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले में अन्य राज्यों से आने वाले धान की खरीदी उपार्जन केंद्रों में न हो। इसके लिए खाद्य, राजस्व, कृषि, मंडी एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त टीमों के साथ उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जो लगातार निगरानी एवं जांच कार्य कर रहा है।
अवैध धान के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तहसील मानपुर में अजित कुमार अंधारे को ट्रैक्टर में 100 कट्टा धान तथा नारायण प्रसाद तिवारी को 140 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसी प्रकार तहसील औंधी में रमेश गावडे को 80 कट्टा धान तथा तहसील मोहला में ग्राम भावसा निवासी संदीप कुमार को 100 कट्टा धान एवं वाहन सहित जप्त किया गया।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार अब तक जिले में 49 प्रकरणों में कुल 3,197 क्विंटल अवैध धान एवं 17 वाहनों की जप्ती की जा चुकी है। जप्त किए गए धान और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 99 लाख 10 हजार 700 रुपये आंकी गई है

