कोरबा(अमर छत्तीसगढ) 4 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कोरबा में पैतृक जमीन को लेकर चले आ रहे विवाद पर बड़े भाई ने पुत्र के साथ मिलकर छोटे भाई पर कुल्हाड़ी व डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में छोटे भाई की मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। करीब ढाई साल तक चली सुनवाई के बाद दोषसिद्ध होने पर पिता पुत्र को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। यह फैसला तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा के न्यायालय ने दिया है।
अतिरिक्त लोक अभियोजक कटघोरा दिलीप झा ने बताया कि घटना हरदीबाजार थानांतर्गत यादव गली दर्री में घटित हुई थी। यहां रहने वाले लक्ष्मीनारायण तिवारी को पैतृक जमीन को लेकर अपने बड़े भाई कौशल प्रसाद तिवारी 70 वर्ष से विवाद चला आ रहा था। 30 जुलाई 2023 की सुबह करीब 8 बजे कौशल अपने पुत्र अशोक तिवारी के साथ छोटे भाई के पास पहुंचा।
वे दोनों कुल्हाड़ी और डंडे से लैस थे। उन्होंने लक्ष्मीनारायण से पैतृक जमीन को लेकर पुनः विवाद शुरू कर दिया। वे गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। इस दौरान कौशल और उसके पुत्र ने लक्ष्मीनारायण पर कुल्हाड़ी व डंडे से हमला कर दिया।
इस हमले में लक्ष्मीनारायण के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने हत्या की धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके खिलाफ तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा एचके रात्रे के न्यायालय में सुनवाई चल रही थी। सुनवाई के दौरान आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य व सबूत पेश किया गया, जिससे दोषसिद्ध हो गया। कोर्ट ने दोषी पिता पुत्र को आजीवन कारावास व पांच सौ रूपए अर्थदंड से दंडित किया है।

