अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ) 7 फरवरी। छत्तीसगढ़ के सरगुरजा जिले के अंबिकापुर में देर रात एक होटल में फायरिंग होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना के पीछे की वजह वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। फायरिंग की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर लिया है। फिलहाल पूरी घटना की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले के बारे में जानकारी देते हुए ASP अमोलक सिंह ने बताया कि रात में पुलिस को सूचना मिली कि देव होटल में फायरिंग की घटना हुई है। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस की टीम ने होटल संचालक के पास से पिस्टल जब्त किया और उसकी जांच की जा रही है।
पुलिस जांच कर यह देखने की कोशिश कर रही है कि आखिर फायरिंग क्या इन्हीं पिस्टल के माध्यम से हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि होटल संचालक के पुत्र हनी सिंह कल अपनी गाड़ी में आ रहे थे तभी उनकी गाड़ी को कुछ लोगों के द्वारा पीछा कर रुकवाने की कोशिश की गई थी।
इस घटना को आपसी पुरानी रंजिश से इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है। होटल संचालक के पुत्र हनी सिंह और हिंदूवादी एक नेता के बीच लंबे समय से अंदरूनी विवाद और रंजिश चल रहा है। उसी का यह परिणाम माना जा रहा है।
हालांकि इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है और गहनता से मामले की जांच में जुटी हुई है। उसके बाद इस पूरी घटना की जांच की जा रही है, पुलिस ने फिलहाल अब तक इस मामले में किसी के खिलाफ कोई अपराध दर्ज नहीं किया है।

