मत्स्य विभाग के दफ्तर में लगी आग : सरकारी फाइलें और लाखों का सामान जलकर खाक

मत्स्य विभाग के दफ्तर में लगी आग : सरकारी फाइलें और लाखों का सामान जलकर खाक

रायगढ़(अमर छत्तीसगढ) 9 फरवरी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखी महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गया।

इस आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। यह मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के मोहल्लेवासियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित किया और एहतियातन आसपास मौजूद लोगों को वहां से दूर रखा गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

मछली पालन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी अनिल कुमार सोनी ने जानकारी दी कि, मछली पालन विभाग में आग लगने की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। आग लगने से हुए नुकसान का आकलन संबंधित विभाग कर रहा है।

Chhattisgarh