(धनराज जैन)
बेलगांव डोंगरगढ़(अमर छत्तीसगढ) 15 फरवरी। लोग अपने पसीने की कमाई का एक-एक पैसा जोडक़र यह सोचकर जमा करते हैं कि उनके समय पर काम आयेगा, उन्हें क्या पता कि शासकीय स्थानों पर भी जमा की गई उनकी गाढ़ी कमाई की राशि में धोखाधड़ी हो जायेगी।
आमआदमी सरकारी स्थानों पर भरेोसा कर राशि जमा करे और वहां से धोखाधड़ी का शिकार हो जाये तो आखिर भरोसा किस पर करे। ऐसे ही लाखों रूपये की धोखाधड़ी के शिकार हुए कुछ लोगों को इसकी जानकारी हुई तो अन्य खाताधारकों में हडक़ंप मच गया।

मामला डोंगरगढ़ थाना अंतर्गत पोस्ट ऑफिस जटकन्हार का है जहां के खातेधारी इसका शिकार हुए हैं। जिन्होंने इसकी शिकायत भी एसडीएम एवं डोंगरगड़ पोस्टऑफिस में कर न्याय की गुहार लगाई तथा थाने में भी इसकी शिकायत की है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम बेलगंाव निवासी चेतन योगी पिता सुरेश योगी का जटकन्हार पोस्टऑफिस में खाता संचालित है। जिसका खाता क्रमांक 2558126782 है, को गत 22 जनवरी को जटकन्हार पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी का कॉल आया कि पैसा निकालने के लिए मैं पोस्टमेन को भेज रहा हूं, उसे बैंक खाता, पासबुक एवं निकासी पर्ची में हस्ताक्षर कर पोस्टमेन के हाथों भेज देना मैं पैसा निकालकर भेज दूंगा।

विश्वास से उन्होंने हस्ताक्षर कर पासबुक और निकासी पर्ची दे दी एवं पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी ने उसी दिन उनके बचत खाते 60 हजार रूपये निकाल लिये और कहा कि मेरे पास इतनी राशि नहीं है दो-तीन दिन में भिजवा दूंगा तथा वाट्सअप में भी मैसेज किया कि राशि निकल गई है, दो तीन दिन में भिजवा दूंगा। दो तीन दिन गुजरने पर उन्होंने फोन से पोस्ट मास्टर से संपर्क किया तो उनका फोन बंद आया, तब उन्होंने जटकन्हार पोस्ट आफिस जाकर पता किया तो ऑफिस बंद मिला।
पीडि़त का कहना है कि उनके घर की आॢथक स्थिति ठीक नहीं है इसलिए वह अपना जमा पैसा निकालना चाहता था। समय पर राशि नहीं मिलने से पीडि़त खाताधारी आॢथक एवं मानसिक परेशानी से गुजर रहा है।

इसी प्रकार ग्राम माड़ीतराई निवासी विजय पिता मन्नु पारधी ने भी शिकायत दर्ज कराई कि जटकन्हार पोस्ट ऑफिस के उसी पोस्ट मास्टर आशाीष मंडावी ने उनसे संपर्क किया एवं तीन लाख रूपये की तीन पासबुक की टीडी बनायी जो एक साल की थी।
समय गुजरने पर पोस्ट मास्टर ने कहा कि तुम अपना टीडी आगे बढ़ाना चाहते हो तो खाताधारक तैयार हो गया। उन्होंने उसी पासबुक पर खाताधारक से हस्ताक्षर लेकर कहा कि तुम्हारा टीडी हो गया और बीस हजार रूपये ब्याज की राशि नगद वापस कर दी। उनके द्वारा पासबुक मांगने पर पोस्ट मास्टर बार-बार घुमाता रहा।
खाते में मोबाइल नंबर मेसेज के लिए करवाने पर भी कहा कि करवा दूंगा पर करवाया नहीं। 27 दिसंबर 25 को टीडी की तारीख खत्म होने पर पीडि़त ने कहा कि उन्हें मकान बनाना है इसलिए राशि की जरूरत है और निकालना चाहता है, तो 27 दिसंबर को पुन: खाताधारक विजय से हस्ताक्षर लिया मैं तुम्हारी राशि निकालकर बचत खाते में जमा कर दूंगा।

पीडि़त द्वारा बार-बार कहने एवं फोन लगाने पर उसने अपना फोन स्वीच ऑफ कर दिया तब पीडि़त खाताधारी विजय पारधी 6 फरवरी 2026 को पोस्ट ऑफिस जटकन्हार जानकारी लेने गया तब पोस्टमेन प्रियंका बंजारे ने बताया कि पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी अपना घर छोडक़र भाग गया है। जानकारी पाकर पीडि़त डोंगरगढ़ पोस्ट ऑफिस गया तब पता लगा कि टीडी की कोई पास बुक उनके नाम नहीं मिली और उनके बचत खाते में तीन हजार रूपये के आसपास राशि जमा मिली।
धोखाधड़ी के शिकार हुए बेलगांव निवासी चेतन योगी एवं माड़ीतराई निवासी विजय पारधी ने धोखाधड़ी की लिखित शिकायत अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़, उप संभागीय निरीक्षक डाकघर उपसंभाग डोंगरगढ़ में करने के साथ-साथ डोंगरगढ़ थाने में भी सूचना देने की बात कही तथा अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ एवं डाकघर उपसंभाग डोंगरगढ़ से धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कर दोषी पर उचित कार्यवाही कर उनकी जमा राशि एवं बैंक पासबुक वापस लौटाने की मांग की है। इसकी शिकायत समस्या का हल ना होने पर उच्चाधिकारियों से भी शिकायत करने की बात कही है।
जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में जमा राशि में धोखाधड़ी होने की जानकारी जैसे ही लोगों को लगी तो खाताधारकों में हडक़ंप मच गया। जानकारी होते ही कई खाताधारी अपनी पासबुक की जांच करवाने लग गये हैं। बताया गया कि जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में इसे लेकर भीड़ लग रही है तथा अभी और भी कुछ खाताधारी धोखाधड़ी के शिकार होने की जानकारी सामने आ रही है। फिलहाल कितने लोग उसका शिकार हो चुके हैं पूर्ण रूप से पता नहीं चला है। धीरे-धीरे और भी धोखाधड़ी के मामले बढऩे की संभावना बताई जा रही है। इस प्रकार की धोखाधड़ी से कई खाताधारियों का मनोबल कम हो रहा है। इसे सुनकर लोगों मेें पोस्ट ऑफिस से भरोसा उठता नजर आ रहा है। पोस्ट मास्टर का फरार होना और भी संदेह को जन्म दे रहा है। जांच उपरांत स्थिति स्पष्ट होगी की आखिर कितने रूपए की धोखाधड़ी हुई है।

