कमरे में खून से लथपथ मिली युवक की लाश, पास में मिला कत्ता… घरघोड़ा थाना क्षेत्र में सनसनी

कमरे में खून से लथपथ मिली युवक की लाश, पास में मिला कत्ता… घरघोड़ा थाना क्षेत्र में सनसनी


घरघोड़ा(अमर छत्तीसगढ) 25 फरवरी। थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां वार्ड नंबर 8 स्थित एक मकान के कमरे में 20 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मृतक की पहचान अभिषेक विश्वकर्मा पिता धनीराम विश्वकर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड 8 घरघोड़ा के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार घटना रात लगभग 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि अभिषेक खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया था। कुछ देर बाद कमरे से किसी चीज़ के गिरने की आवाज आई। जब परिजन दरवाजे तक पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला।

आवाज देने और फोन कॉल करने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए — युवक खून से सना फर्श पर पड़ा था।
घटना की सूचना तत्काल घरघोड़ा पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। घटनास्थल से एक धारदार हथियार (कत्ता) भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।


रात में ही उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत करा दिया गया। पुलिस द्वारा फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है ताकि साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा सके। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।


इलाके में इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस मामले से पर्दा उठा सकेगी।

Chhattisgarh