महासमुंद(अमर छत्तीसगढ) 25 फरवरी। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के रेहटी खोल चेकपोस्ट पर पुलिस ने 137 किलो गांजा जब्त करते हुए महिला समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 68 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अंगुल (ओडिशा) से गांजा लेकर अकोला (महाराष्ट्र) जा रहे थे। पुलिस को मुखबिर से तस्करी की बड़ी जानकारी मिली जिसके बाद सिंघोड़ा थाना टीम ने चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की और संदिग्ध कारों की तलाशी में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया, पुलिस का मानना है कि यह तस्करों का संगठित नेटवर्क हो सकता है।
आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जो गांजा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा बताई जा रही है। पुलिस महिला की भूमिका, संपर्क और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
छत्तीसगढ़ पुलिस नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। महासमुंद में हुई यह कार्रवाई हाल के महीनों में सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। इससे तस्करों के हौसलों पर निश्चित रूप से बड़ा असर पड़ेगा।

