बिलासपुर में उठाईगिरी : व्यापारी की कार से आठ लाख रुपये से भरा बैग पार, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर में उठाईगिरी : व्यापारी की कार से आठ लाख रुपये से भरा बैग पार, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 8 मार्च । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित छोटी पार्किंग के पास शनिवार रात अनाज व्यापारी की कार से आठ लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया गया।

उठाईगिरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के मुताबिक अजय अग्रवाल की व्यापार विहार छोटी पार्किंग के पास अनाज की दुकान है। शनिवार रात करीब 8:30 बजे वे अपने बेटे और कर्मचारियों के साथ दुकान बंद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आठ लाख रुपये से भरा बैग अपनी कार पर रख दिया और शटर में ताला लगाने लगे।

इसी बीच एक युवक वहां पहुंचा और व्यापारी व उनके बेटे का ध्यान दूसरी ओर होने का फायदा उठाते हुए कार से रुपयों से भरा बैग निकालकर फरार हो गया। घटना के बाद जब व्यापारी कार के पास पहुंचे, तब उन्हें बैग गायब होने की जानकारी मिली।

इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जल्द आरोपी की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और फुटेज के आधार पर युवक की तलाश जारी है।

Chhattisgarh