बलरामपुर(अमर छत्तीसगढ़) 9 मार्च । छत्तीसगढ़ ले बलरामपुर जिले में कांग्रेस संगठन के भीतर अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। हाल ही में गठित जिला कार्यकारिणी में की गई नियुक्तियों से नाराज होकर पार्टी के 10 पदाधिकारियों ने एक साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में नवनियुक्त महामंत्री, 3 जिला सचिव और 6 मंडल अध्यक्ष शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि, इन नेताओं ने संगठन में परिवारवाद को बढ़ावा देने और जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि, लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर कुछ खास लोगों को पद दिए जा रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
गौरतलब है कि, 2 मार्च को जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया था। इसी के बाद से संगठन के भीतर असंतोष की स्थिति बनी हुई थी, जो अब इस्तीफों के रूप में सामने आ गई है।
सभी नेताओं ने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है। यह पूरा मामला बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर पार्टी के भीतर असहमति गहराती जा रही है।

