जगदलपुर(अमर छत्तीसगढ़) 13 मार्च । बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कथित अफीम की खेती और गैस सिलेंडर संकट को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेसी भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने कोर्ट तिराहा के समीप बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करते हुए वापस लौट गए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाने की कोशिश हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शराब,गांजा,अफीम और हेरोइन जैसे नशों के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी में नशे की लत महामारी का रूप ले चुकी है।
कांग्रेस नेताओं ने गैस सिलेंडर संकट को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि, कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अचानक रोक दिए जाने से होटल और रेस्टोरेंट प्रभावित हुए हैं, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी पिछले कई दिनों से बाधित है। उन्होंने सरकार से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों के फार्म हाउसों की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि, इससे अफीम की खेती के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

