संबलपुर ओवरब्रिज पर बर्थडे केक काटना पड़ा महंगा : शराब पीकर केक काटने वाले युवती समेत चार गिरफ्तार, कार भी जब्त

संबलपुर ओवरब्रिज पर बर्थडे केक काटना पड़ा महंगा : शराब पीकर केक काटने वाले युवती समेत चार गिरफ्तार, कार भी जब्त

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 24 मार्च । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के संबलपुर ओवरब्रिज पर राजकिशोर क्षेत्र में रहने वाली युवती अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर केक काट रही थी। इसकी सूचना मिलते ही सकरी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती और तीन युवकों को हिरासत में लिया।

जांच में चारों शराब के नशे में पाए गए। पुलिस ने युवती और युवकों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की है। मौके पर मौजूद कार को भी जब्त किया गया। पूरा मामला बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र का है।

सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि रविवार की रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग संबलपुर ओवरब्रिज के उपर कार में रखकर केक काट रहे हैं। इस पर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी।

ओवरब्रिज के उपर काले कलर की कार को सड़क पर खड़ी कर तीन युवक और एक युवती केक काट रहे थे। पुलिस ने मौके से कोरबा के गोकुल नगर में रहने वाले निहाल सांडिल्य (22), अतुल वर्मा(21) कोरबा के नेहरू नगर निवास प्रियांशु चौरासिया(19) को पकड़ लिया। उनके साथ राजकिशोर नगर में रहने वाली 19 वर्षीय युवती भी मौजूद थी।

पूछताछ में युवकों ने बताया कि निहाल का बर्थ डे होने पर सभी केक काटने के लिए आए थे। जांच में युवती और युवक शराब के नशे में मिले। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 285, 3(5) और मोटर व्हीकल एक्ट 185 के तहत कार्रवाई की है। आरोपित की कार को पुलिस ने जब्त किया।

हाईकोर्ट ने सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कुछ एक मामलों में कोर्ट ने राज्य शासन को दिशा निर्देश दिए हैं। इसके बाद से पुलिस की ओर से इस तरह की शिकायत मिलते ही कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

साथ ही लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh