रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 29 मार्च । खैरागढ़ स्थित मनोहर गौशाला परिसर में जैविक कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से आए सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों ने गो-आधारित जैविक खेती, प्राकृतिक खाद और कम लागत में अधिक उत्पादन के तरीके बताए। किसानों ने जैविक खेती और गौ संरक्षण का संकल्प भी लिया, जिससे उनकी आय बढ़ने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के डायरेक्टर रिसर्च डॉ. विवेक त्रिपाठी, वैज्ञानिक डॉ. सुनील अग्रवाल और डॉ. नायक शामिल रहे। वरिष्ठ किसान बिसेसर दास साहू विशेष अतिथि रहे।

मनोहर गौशाला के ट्रस्टी और प्रशिक्षक डॉ. अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने किसानों को फसल अमृत और मनोहर ऑर्गेनिक गोल्ड खाद बनाने का लाइव डेमो दिया। किसानों ने प्रशिक्षण को ध्यान से समझा और इसे अपनाने की इच्छा जताई। डिमो के बाद किसानों को फसल अमृत और आर्गेनिक गोल्ड निशुल्क बांटा गया।

कार्यक्रम के दौरान गोबर और गोमूत्र से जैविक खाद बनाने, प्राकृतिक कीटनाशक तैयार करने और कम लागत में बेहतर उत्पादन के तरीके बताए गए। अंत में किसानों ने संकल्प पत्र भरकर जैविक खेती और गौ संवर्धन को बढ़ावा देने का निर्णय लिया।

