गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का गठन… सरदार बलदेव सिंह भाटिया बने नए अध्यक्ष

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का गठन… सरदार बलदेव सिंह भाटिया बने नए अध्यक्ष

राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ़) 8 अप्रैल।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आज एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गरिमामयी बैठक का आयोजन किया गया जिसमें नई गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साध संगत ने उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई जिससे पूरे वातावरण में धार्मिक एवं सामाजिक एकता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
बैठक के दौरान सभी सदस्यों और उपस्थित संगत की सहमति से सरदार बलदेव सिंह भाटिया पप्पू को सर्वसम्मति से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का नया अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन की घोषणा होते ही संगत में हर्ष का माहौल बन गया और उपस्थित सभी लोगों ने जयकारा की गूंज के साथ उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के बुजुर्गों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं संगत ने नवनियुक्त अध्यक्ष को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि सरदार बलदेव सिंह भाटिया अपने अनुभव, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता के बल पर गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे तथा धार्मिक, सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।बैठक के दौरान गुरुद्वारा के बेहतर संचालन, संगत की सुविधाओं में वृद्धि तथा भविष्य की योजनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा की गई।

संगत ने एकजुट होकर गुरुद्वारा साहिब की सेवा और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में बैठक को सफल बनाने में सहयोग देने वाली समस्त संगत का हृदय से आभार व्यक्त किया गया और सभी से भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। उक्त जानकारी गुरु दी संगत वेलफेयर सोसाइटी ने दी है।

Chhattisgarh