बिलासपुर जेल में अपराधी मस्त : बदमाशों ने दंबगई वाला रील बनाकर किया वायरल, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

बिलासपुर जेल में अपराधी मस्त : बदमाशों ने दंबगई वाला रील बनाकर किया वायरल, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 11 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मस्तूरी गोलीकांड के आरोपियों का जेल से रील बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों से मुलाकात करने आए साथियों ने रील बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया है।

वायरल रील में आरोपियों को दबंग और डॉन की तरह दिखाने की कोशिश की गई है। मामले को लेकर अब जेल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दरअसल, 5 माह पहले मस्तूरी के कांग्रेस नेता व जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत और उसके साथियों ने फायरिंग की थी. घटना नितेश सिंह के निजी कार्यालय में हुई थी।

जांच के साथ पुलिस ने मामले में युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत, उसके भाइयों और साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फिलहाल सभी आरोपी बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। लेकिन इसी बीच आरोपियों का एक रील सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जो जेल परिसर से बनाया गया है।

रील में आरोपियों को दबंग और डॉन की तरह दिखाने की कोशिश की गई है। हालांकि, रील के वायरल होने के बाद अब हड़कंप मचा हुआ है। जेल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल प्रशासन ने वायरल रील पर संज्ञान लेते हुए तत्काल आरोपियों के मुलाकात पर रोक लगा दी है, साथ ही मुलाकात कक्ष के स्टाफ को भी हटा दिया है।

जेल अधीक्षक ने मामले में रील बनाने और वायरल करने वालों पर FIR और मुलाकात करने आने वाले लोगों का मेटल डिटेक्टर से जांच करने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि, पहले भी सेंट्रल जेल में गैंगवॉर, नशाखोरी, कमीशनखोरी जैसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में वायरल रील ने एक बार फिर जेल की व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Chhattisgarh