बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ़) 14 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के भाटापारा से बलौदाबाजार आ रही राधेश्याम बस सर्विस की बस में एक महिला चैन स्नैचिंग का शिकार हो गई। गले से सोने की चैन गायब होने का अहसास होते ही महिला ने कंडक्टर से शिकायत की।
जिस पर कंडक्टर ने यात्री सहित बस को कोतवाली थाना में खड़ा कर दिया, जहां पुलिस संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला टाकेश्वरी साहू भाटापारा से अपने मायके ग्राम रवान के लिए बस में सवार हुई थी। ग्राम रवान में जब वह उतरने जा रही थी कि उसे अहसास हुआ कि उसके गले से सोने की चैन गायब है।
उसने परिचालक दीपक ठाकुर से शिकायत की, जिस पर परिचालक ने देर न करते हुए यात्रियों सहित बस को कोतवाली थाना में ले जाकर खड़ा किया और पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने बस में बैठे यात्रियों की जांच करते हुए उनके नाम-पते नोट किया, वहीं संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि राधेश्याम बस सर्विस की बस भाटापारा से बलौदाबाजार आ रही थी।
इसी दौरान एक महिला यात्री चैन स्नैचिंग का शिकार हुई है। महिला की शिकायत पर जांच करते हुए संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।

