निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस बनी बार : अटेंडर ने AC कोच में बेच रहा था शराब, आबकारी विभाग ने रेड मारकर पकड़ा

निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस बनी बार : अटेंडर ने AC कोच में बेच रहा था शराब, आबकारी विभाग ने रेड मारकर पकड़ा

दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 14 अप्रैल । रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और दुर्ग आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस में अवैध शराब सप्लाई करने वाले अटेंडेंट को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी एसी कोच में तैनात था और यात्रियों को उनकी मांग के अनुसार चोरी-छिपे विदेशी शराब और बियर उपलब्ध करा रहा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी अटेंडेंट अपने बैग में शराब छुपाकर ट्रेन में ले जाता था। सफर के दौरान वह यात्रियों से संपर्क कर उनकी मांग के अनुसार व्हिस्की, रम, बियर जैसे विभिन्न ब्रांड उपलब्ध कराता था। यह पूरा काम वह बेहद गुप्त तरीके से करता था ताकि किसी को शक न हो। आरपीएफ को पहले ही इस अवैध गतिविधि की सूचना मिल गई थी।

बताया गया था कि ट्रेन संख्या 22868 के एसी कोच में बड़ी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है और यात्रियों को ऑन-डिमांड सप्लाई की जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर आरपीएफ ने आबकारी विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई।

जैसे ही ट्रेन दुर्ग स्टेशन पहुंची, संयुक्त टीम ने एसी कोच बी-7 में तैनात अटेंडेंट रीमन दास के सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से करीब 12.236 बल्क लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें 3 फुल बोतल व्हिस्की, 1 फुल बोतल वोडका, 2 क्वार्टर व्हिस्की और 18 कैन बियर शामिल हैं,

जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4,140 रुपये है। पूछताछ के दौरान आरोपी इस शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका। इसके बाद पूरी शराब को जब्त कर लिया गया और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

आरपीएफ प्रभारी राजीव सिन्हा ने बताया कि आरोपी दुर्ग के दीपक नगर का निवासी है और करीब 4-5 महीने पहले ही ट्रेन में अटेंडेंट के रूप में काम शुरू किया था। फिलहाल उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Chhattisgarh