बेमेतरा रायपुर (अमर छत्तीसगढ़) 23 अप्रैल 2026/- छत्तीसगढ़ में कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 के सफल आयोजन हेतु व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा का आयोजन राज्य के 16 जिलों में किया जा रहा है, जबकि सभी 33 जिलों के परीक्षार्थी इसमें सम्मिलित होंगे। बेमेतरा जिले में इस परीक्षा के लिए कोई परीक्षा केंद्र निर्धारित नहीं किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा बेमेतरा जिले के अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र में अंकित परीक्षा केंद्र (अन्य जिलों में स्थित) की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें और परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय में संबंधित परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचें। साथ ही, परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पूर्व केंद्र में उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके।
यह परीक्षा प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9ः30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ड्रेस कोड के अंतर्गत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून या चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच हेतु पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

