रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 23 मई । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बिरगांव क्षेत्र अंतर्गत कन्हेरा गांव में बिजली सब स्टेशन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर आज बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन द्वारा की जा रही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, बिरगांव-उरला नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत कन्हेरा गांव में स्थित चरागाह भूमि पर बिजली सब स्टेशन स्थापित करने के लिए प्रशासन द्वारा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं ग्रामीण इस प्रस्ताव का लगातार विरोध कर रहे हैं। ग्राम पंचायत कन्हेरा (विकासखंड धरसींवा, जिला रायपुर) की ओर से सरपंच, उपसरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा 8 जनवरी 2025 को तत्कालीन जिला कलेक्टर को एक पत्र सौंपा गया था।

इस पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि ग्राम पंचायत की खसरा नंबर 372/1 (रकबा 8.3236 हेक्टेयर) चरागाह भूमि पर बिजली विभाग द्वारा सब स्टेशन निर्माण के लिए बार-बार प्रयास किया जा रहा है, जिसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं।
पत्र में आरोप लगाया गया था कि विरोध के बावजूद सीमांकन की प्रक्रिया जबरदस्ती की जा रही है, जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने यह भी कहा था कि यह भूमि निस्तार एवं मुक्तिधाम के रूप में उपयोग की जाती है और गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वहीं आज अधिग्रहण प्रक्रिया के विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों को हिरासत में लेकर बस से सेंट्रल जेल भेजा।

हालांकि कुछ समय बाद पुलिस उन्हें वापस ग्राम छोड़ने को तैयार हुई। लेकिन ग्रामीण जाने को तैयार नहीं हैं और अपनी मांग को लेकर अड़े हुए हैं। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम ग्रामीणों को समझाने का प्रयास में जुटी है।

