दंतेवाड़ा(अमर छत्तीसगढ़) 23 मई । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के हिड़पाल जंगल में जवानों ने 5 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी बरामद कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। जवानों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जिला पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में 195वीं वाहिनी सीआरपीएफ की यंग प्लाटून पार्टी और बीडीडीएस टीम को बारसूर थाना क्षेत्र के हिड़पाल जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। अभियान के दौरान सुबह करीब 8 बजकर 20 मिनट पर जवानों को जंगल में एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इलाके को सुरक्षित कर बीडीडीएस टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच में यह 5 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी निकला।

नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से आईईडी को जंगल में छिपाकर रखा गया था। बीडीडीएस टीम ने तकनीकी प्रक्रिया अपनाते हुए मौके पर ही विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। अभियान के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने बेस कैंप लौट आए।

