एक्शन में कृषि विभाग : अनियमितता मिलने पर पांच दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी, एक दुकान का लाइसेंस सस्पेंड

एक्शन में कृषि विभाग : अनियमितता मिलने पर पांच दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी, एक दुकान का लाइसेंस सस्पेंड

धमतरी(अमर छत्तीसगढ़) 23 मई । खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसानों को सही दाम पर अच्छी क्वालिटी की खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिले में खाद की कालाबाजारी और अधिक कीमतों पर बिक्री रोकने के लिए कृषि विभाग की टीमों ने चारों विकासखंडों (धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी) में अचानक ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस औचक निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में गड़बड़ी पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, वहीं नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली एक दुकान का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

कलेक्टर के निर्देश पर निकली कृषि विभाग की टीम ने जब दुकानों के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और रेट लिस्ट की जांच की, तो कई जगह भारी लापरवाही और अव्यवस्था देखने को मिली। नियमों का उल्लंघन करने पर इन दुकानों से जवाब तलब किया गया है। जिसमें मेसर्स काप केयर एण्ड ट्रेडिंग (झिरिया), पारस कृषि केन्द्र (सोनामगर), कर्मा ट्रेडर्स (सेमरा), कृष्णा फर्टिलाईजर(कुरूद), राज कृषि केन्द्र (नगरी) शामिल है। इन सभी दुकानों को स्पष्ट कह दिया गया है कि यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो इनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान मेसर्स लक्ष्मी ट्रेडर्स (भखारा) में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यह दुकान तय सीमा से कहीं ज्यादा मात्रा में खाद बेच रही थी, साथ ही ऐसे भूमिहीन व्यक्तियों को भी खाद का विक्रय किया जा रहा था जो इसके पात्र नहीं थे। इन आरोपों की पुष्टि होने के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है।

कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे जागरूक बनें और किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचें। खाद हमेशा शासन द्वारा मान्यता प्राप्त सहकारी समितियों या वैध निजी दुकानों से ही लें। खाद खरीदते समय दुकानदार से उसका ओरिजिनल बिल (रसीद) मांगना न भूलें। यदि कोई दुकानदार आपसे तय कीमत से ज्यादा पैसे मांगता है, खाद की जमाखोरी करता है या कालाबाजारी में लिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग के नजदीकी कार्यालय को दें।

Chhattisgarh