समाधान शिविर में रिश्वतखोरी : 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया BEO ऑफिस का बाबू

समाधान शिविर में रिश्वतखोरी : 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया BEO ऑफिस का बाबू

कोरबा(अमर छत्तीसगढ़) 30 मई । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड स्थित तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में उस समय हड़कंप मच गया। जब ACB की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए BEO ऑफिस के सहायक ग्रेड-2 बाबू प्रदीप मिश्रा को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके पर ही 40 हजार रुपये की घूस लेते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ा। यह कार्रवाई बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल काफी समय से अपनी GPF पासबुक में कटौती की एंट्री कराने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि इस काम के बदले सहायक ग्रेड-2 बाबू प्रदीप मिश्रा ने उनसे 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। परेशान होकर शिक्षक ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB टीम ने योजना बनाकर समाधान शिविर में दबिश दी और रकम लेते ही आरोपी को पकड़ लिया।

सूत्रों के अनुसार, प्रदीप मिश्रा पर पहले भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं और विभागीय कार्रवाई भी की गई थी। इसके बावजूद वह विभाग में लम्बे समय से पदस्थ था, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि ऐसे कर्मचारियों पर समय रहते सख्त कदम क्यों नहीं उठाए जाते। कार्रवाई के तुरंत बाद ACB टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई है।

टीम यह भी जांच कर रही है कि क्या यह भ्रष्टाचार का अकेला मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। इधर शिविर में मौजूद सरकारी कर्मचारी और लोग इस कार्रवाई के बाद दहशत में दिखे। यह घटना समाधान शिविरों में चल रही पारदर्शिता पर सवाल उठाती है, लेकिन साथ ही यह भी दर्शाती है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई तेज़ और प्रभावी है। लोगों का मानना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई भविष्य में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में मदद करेगी।

Chhattisgarh