(सुनील चिंचोलकर)
जांजगीर(अमर छत्तीसगढ़) 13 जुन । प्रदेश की उभरती हुई कथक नृत्यांगना अनन्या तिवारी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जांजगीर-चांपा जिले का गौरव बढ़ाया है। देहरादून में कथक संस्कृति द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “ऑल इंडिया नेशनल डांस प्रतियोगिता” में अनन्या ने जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता हासिल की।
देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से आए प्रतिभागियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में अनन्या ने अपनी उत्कृष्ट कथक प्रस्तुति, भाव-भंगिमा, लय एवं तकनीकी दक्षता से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों की भी भरपूर सराहना अर्जित की।
अनन्या, फणीश तिवारी एवं अन्नपूर्णा तिवारी की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है। नगरवासियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
अनन्या विगत चार वर्षों से सुभाष चंद्र यादव के मार्गदर्शन में नूपुर नृत्य संस्थान, चांपा में कथक की विधिवत शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। यह संस्थान प्रसिद्ध रायगढ़ घराने की समृद्ध परंपरा से जुड़ा हुआ है। वर्तमान में वे हसदेव पब्लिक स्कूल, चांपा में कक्षा 9वीं की छात्रा हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस सफलता ने न केवल अनन्या की प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है, बल्कि जांजगीर-चांपा जिले और विद्यालय का नाम भी देशभर में गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

