राहुल गांधी के दौरे पर मंत्री का विवादित बयान : केदार कश्यप बोले- कांग्रेस दारू से चरण धोकर करें उनका स्वागत

राहुल गांधी के दौरे पर मंत्री का विवादित बयान : केदार कश्यप बोले- कांग्रेस दारू से चरण धोकर करें उनका स्वागत

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 18 जुन । कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 21 जून को रायपुर में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी शामिल होंगे। राहुल गांधी के लंबे समय बाद हो रहे छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने विवादास्पद टिप्पणी की है। उन्होंने कांग्रेसियों से राहुल गांधी का स्वागत दारू से पैर धोकर करने की बात कही है।

मंत्री केदार कश्यप ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस अपने आका को खुश करने के लिए बहुत सारे नवाचार करती है। पिछली बार जब प्रियंका गांधी आई थी, तो उनके लिए कांग्रेसियों ने गुलाब के पंखुड़ियों की सड़क बनाई थी। कांग्रेस अपने पांच साल के शासनकाल में भ्रष्टाचार में डुबी रही, शराब घोटाला किया। अब जब राहुल गांधी आ रहे हैं, तब कांग्रेस उनका चरण दारू से धोकर स्वागत करे, ऐसी हमारी शुभकामना है।

रेत उत्खनन विवाद में कोरिया जिले में भाजपा नेता लल्ला सिंह की हत्या पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की चीजों को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। पिछली बार जहां-जहां ठेका मिला था, वहां लंबी-लंबी सुरंगें बनी थी। रेत खदान के नजदीक सड़कों पर रेत का डंप लगा हुआ था। आज के समय में ऐसी स्थिति नहीं है। वहीं अपनी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि कुछ घटनाएं होती है, उस पर तत्काल कार्रवाई की जाती है, ताकि ऐसे लोगों को संरक्षण न दिया जाए।

वहीं महंगी बिजली पर कांग्रेस के आंदोलन पर केदार कश्यप ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी जमीन तराशने की कोशिश कर रही है। लोगों को प्रताड़ित करना कांग्रेस का काम है। अन्य प्रदेशों की तुलना में बिजली का टैरिफ बहुत कम है। इसके अलावा सूर्यघर योजना से मुफ्त बिजली को प्रोत्साहित करने का काम किया जा रहा है। आने वाले समय में बिजली क्राइसिस खत्म होगा।

Chhattisgarh