रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 19 जुन । आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नगरीय प्रशासन विभाग के पूर्व चीफ इंजीनियर भगीरथी वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद विशेष अदालत ने आरोपी को 10 दिनों की रिमांड पर EOW-ACB को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले EOW-ACB की टीम ने छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भगीरथी वर्मा से जुड़े करीब आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसियों को करोड़ों रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड मिले थे।
बताया जा रहा है कि छापेमारी में मिले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर एजेंसी ने आरोपी से पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अब रिमांड अवधि के दौरान EOW-ACB आरोपी से आय से अधिक संपत्ति और अन्य वित्तीय लेनदेन के संबंध में विस्तृत पूछताछ करेगी। मामले में जांच एजेंसियां आरोपी की संपत्तियों, निवेश और कथित अनियमितताओं की पड़ताल कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

