राजनांदगाँव(अमर छत्तीसगढ़) 21 जून। युगांतर पब्लिक स्कूल में इन्टरनेशनल योगा डे मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की फिजिकल एजुकेशन की शिक्षिका तथा योग प्रशिक्षक वंदना सिंह ने बताया कि योग हमारे मन और शरीर दोनों को सुंदर बनाता है। जीवन में नियमित रूप से योग को अपनाने से व्यक्ति लंबे समय तक सुखी निरोगी जीवन व्यतीत कर सकता है।
उन्होंने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराने से पहले हाथ-पैर की विविध गतिविधियाँ कराकर शरीर को स्ट्रेच कराया। इसके बाद उन्होंने पर्वतासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, सुखासन, शलभासन आदि आसनों को प्रमुखता के साथ अभ्यास कराया ।
उन्होंने बताया कि योग में सैकड़ों आसन है। हम इनमें से कुछ चयनित आसनों के अभ्यास से स्वास्थ्यवर्धक जीवन जी सकते हैं।
उन्होंने स्वांस से जुड़े विविध प्राणायाम का अभ्यास कराया। इनमें अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका प्राणायाम प्रमुख रहे। उन्होंने कहा कि इन योगासनों के नियमित अभ्यास से हम अपने फेफड़ों और हृदय को मजबूत कर सकते हैं। यही नहीं विद्यार्थी अपनी स्मरण शक्ति को भी इनके नियमित अभ्यास से बढ़ा सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने विविध थैरेपी की उपयोगिता दर्शाते हुए बताया कि इसे अपनाने से हम उत्तम स्वास्थ्य को प्राप्त कर सकते हैं। इस सन्दर्भ में उन्होंने क्लेपिंग तथा लाफिंग थेरेपी की प्रभावी जानकारी दी।
योगा डे के कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि योग जीवन का आधार है। योग जीवन को सुव्यवस्थित ढंग संचालित करने का माध्यम है, इसलिए इसका हर विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी को नियमित अभ्यास करना चाहिए।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा ‘करो योग रहो निरोग’ का भी सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया गया। इस नाटक के द्वारा सुन्दर और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का सन्देश दिया गया।
स्पोर्ट्स तथा कम्प्यूटर विभाग, संगीत तथा कला विभाग ने योग प्रभारी वंदना सिंह के मार्गदर्शन में इस आयोजन को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस आयोजन में शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में संस्था के प्राचार्य मधुसूदन नायर तथा पीआरओ स्पोर्ट्स ऑफिसर दिनेश प्रताप सिंह, हैड मिस्ट्रेस विनीता तिलवानी के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करते हुए प्रातः कालीन सुमधुर वातावरण के बीच योगा डे को यादगार बना दिया ।
संस्था की प्रबंध समिति ने इन्टरनेशनल योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए सभी के स्वास्थ्यवर्धक जीवन की कामना की है।

